डॉ. नीरज त्रिपाठी पुनः कांग्रेस जिलाध्यक्ष नियुक्त, कार्यकर्ताओं में उत्साह

गाँव लहरिया न्यूज़/प्रतापगढ़
कांग्रेस हाईकमान ने एक बार फिर डॉ. नीरज त्रिपाठी पर विश्वास जताते हुए उन्हें प्रतापगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में डॉ. त्रिपाठी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी की और मिठाई बांटी। इसके बाद संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
राजनीतिक सफर
प्रतापगढ़ के पूरे पितई निवासी डॉ. नीरज त्रिपाठी छात्र राजनीति से सक्रिय राजनीति में आए। एमए, एलएलबी और पीएचडी करने के बाद वे कांग्रेस से जुड़ गए। वे 2007 में यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बने, 2017 में प्रदेश अध्यक्ष और 2019 में सदर विधानसभा उपचुनाव भी लड़ा।
नियुक्ति पर डॉ नीरज त्रिपाठी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रमोद तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का आभार जताया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी पंचायत व विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “मैं शोषित, वंचित, पिछड़े, गरीब और मजदूरों की आवाज बनूंगा और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करूंगा।”
इस मौके पर कांग्रेस कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, नगर अध्यक्ष इरफान अली, पीसीसी सदस्य डॉ. प्रशांत देव शुक्ला, प्रेम शंकर द्विवेदी, महेंद्र शुक्ला, प्रशांत सिंह प्रिंशु, सरोज कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने बधाई देते हुए कहा, “नीरज त्रिपाठी बहादुर और निष्ठावान कांग्रेस कार्यकर्ता हैं। उनकी नियुक्ति संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगी।”