श्री छोटी अयोध्या धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

गाँव लहरिया न्यूज़/आसपुर देवसरा

संग्रामगंज नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 4 स्थित श्री छोटी अयोध्या धाम में आज प्राचीन वैदिक परंपराओं के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर अयोध्या के प्रमुख आचार्यों और काशी के वैदिक विद्वानों की उपस्थिति में मंदिर पर वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया।

महोत्सव का शुभारंभ मुख्य आचार्य तुंगनाथ मिश्र, आचार्य निखिल शुक्ला (यजुर्वेद काशी), रामकुमार (ऋग्वेद काशी), चैतन्य दुबे (अथर्ववेद काशी), सौरभ तिवारी (सामवेद काशी) सहित अन्य प्रमुख विद्वानों द्वारा किया गया। इस सात दिवसीय अनुष्ठान में मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया जारी रहेगी, जिसमें प्रतिदिन वैदिक मंत्रों से वातावरण को पवित्र किया जाएगा।

1 मई से 9 मई तक होगी श्री रामकथा

आयोजक राम अकबाल मिश्रा ने बताया कि इस धाम में 1 मई से 9 मई तक विश्वविख्यात राम कथावाचक प्रेम मूर्ति प्रेमभूषण जी महाराज के द्वारा राम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्या सम्राट राघवाचार्य जी महाराज और संत राजन जी महाराज की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है।प्रारंभिक दिन के आयोजन में मिश्रा ब्रदर्स, बृजेश मणि मिश्रा, राम सहाय मिश्रा, विनोद सिंह, अरुण सिंह, संतोष त्रिपाठी और शारदा प्रसाद द्विवेदी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button