मातृशक्ति का सदैव सम्मान होना चाहिए – डॉ० अनिल यादव

गाँव लहरिया न्यूज़/पट्टी, प्रतापगढ़।

स्थानीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पट्टी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर में 08 मार्च को मुख्य अतिथि के रूप में डॉ० अनिल यादव ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, “भारत की आधी आबादी महिलाओं के रूप में है। आज जब भारत 21वीं सदी में प्रवेश कर चुका है, तब महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर मिल रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि परंपरागत सामाजिक व्यवस्था में महिलाओं की स्थिति दयनीय रही थी, लेकिन अब वे पर्दा प्रथा, बाल विवाह, सती प्रथा और विधवा पुनर्विवाह प्रतिबंध जैसी सामाजिक कुरीतियों से बाहर आ चुकी हैं। डॉ० यादव ने आगे कहा कि आज महिलाएं सशक्तीकरण की ओर तेजी से बढ़ रही हैं और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर गृहविज्ञान की प्राध्यापिका श्रीमती सुचिता मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्यगीत और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

शिविर में जोया सिद्दीकी, श्रेया पांडेय, खुशबू निशा, आँचल तिवारी, आकांक्षा पांडेय और खुशी सिंह ने “नारी शक्ति” से संबंधित गीत प्रस्तुत किए। वहीं, कशिश जायसवाल और जोया सिद्दीकी ने अपने विचार व्यक्त किए। अभिमुखीकरण कार्यक्रम का संचालन आनंदधर दुबे ने किया। इस दौरान सभी कार्यक्रमाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button