पट्टी बार एसोसिएशन चुनाव संपन्न: अनिल कुमार सिंह अध्यक्ष, प्रमोद कुमार सिंह महामंत्री निर्वाचित

गाँव लहरिया न्यूज़/पट्टी
पट्टी तहसील परिसर में शुक्रवार को बार एसोसिएशन पट्टी का बहुप्रतीक्षित चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए हुए कांटे के मुकाबले में अनिल कुमार सिंह और प्रमोद कुमार सिंह ने क्रमशः जीत दर्ज की। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले मतदान में कुल 262 में से 256 अधिवक्ताओं ने वोट डाले।
अध्यक्ष पद के लिए अनिल कुमार सिंह को 137 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेश सिंह को 62, कैलाश नाथ को 54 और कुंवर प्रताप सिंह को 2 मत प्राप्त हुए। वहीं, महामंत्री पद पर प्रमोद कुमार सिंह को 136 मत मिले। शैलेन्द्र तिवारी को 89 और मनोज मिश्रा को 30 मत प्राप्त हुए। दोनों पदों पर एक-एक मत अवैध घोषित किया गया।
मतगणना दोपहर 3 बजे शुरू हुई और परिणामों की घोषणा के साथ ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिसर में बधाइयों और नारों के साथ जश्न का माहौल बन गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। कोतवाल अवन कुमार दीक्षित की अगुवाई में पुलिस और पीएसी बलों ने पूरी व्यवस्था संभाली।
विजय के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे, वहीं महामंत्री प्रमोद कुमार सिंह ने सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।